विधान भवन के गुंबद पर इतिहास सजीव : सीएम योगी ने किया प्रोजेक्शन मैपिंग शो का शुभारंभ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में विधान भवन के गुंबद पर प्रोजेक्शन मैपिंग शो का शुभारंभ किया, यूपी की संस्कृति और लोकतांत्रिक यात्रा का भव्य प्रदर्शन।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की विधानमंडलीय परंपरा और सांस्कृतिक इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की गरिमामयी उपस्थिति में विधान भवन के भव्य गुंबद पर अत्याधुनिक ‘प्रोजेक्शन मैपिंग’ तकनीक आधारित ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अभिनव प्रस्तुति के माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक परंपराएं, सामाजिक चेतना और राजनीतिक यात्रा का सजीव दृश्यात्मक चित्रण किया गया। आधुनिक तकनीक और रचनात्मकता के समन्वय से तैयार यह कार्यक्रम दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। यह पहल देश की विधान सभाओं में अपनी तरह का पहला प्रयोग मानी जा रही है।

इस आयोजन की परिकल्पना और मार्गदर्शन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनका उद्देश्य विधान सभा परिसर को केवल विधायी गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक चेतना का प्रतीक बनाना है। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उपस्थित अधिकारियों ने सराहा।

इस पहल के जरिए देशभर से आने वाले पीठासीन अधिकारियों और विधानमंडलीय अधिकारियों को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक वैभव और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराया जाएगा। यह आयोजन विधायी संस्थाओं के बीच संवाद, सहयोग और नवाचार को भी प्रोत्साहित करेगा।

उल्लेखनीय है कि इसी क्रम में 19 जनवरी 2026 से लखनऊ में 86वां अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन (AIPOC) तथा विधान सभाओं और विधान परिषदों के सचिवों का 62वां सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे, जिसमें देशभर से वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button