PM Modi Guwahati Visit : ‘हजारों युवाओं ने छोड़ा हिंसा का रास्ता’, बोडो शांति समझौते पर बोले पीएम मोदी, कांग्रेस पर किया हमला

PM Modi Guwahati visit: 2020 के बोडो शांति समझौते पर बोले पीएम मोदी, कहा- हजारों युवाओं ने हिंसा छोड़ी। कांग्रेस पर विदेशी घुसपैठ और असम विरोध का आरोप।

गुवाहाटी (असम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी दौरे के दौरान 2020 के बोडो शांति समझौते को असम के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस समझौते ने वर्षों से चली आ रही हिंसा और अशांति पर विराम लगाया है। पीएम मोदी ने कहा कि शांति समझौते के बाद हजारों युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा को अपनाया, जिससे असम में विश्वास और स्थिरता लौटी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय असम के कई इलाकों में गोलियों की आवाजें गूंजती थीं और कर्फ्यू आम बात थी, लेकिन आज वहीं बागुरुम्बा नृत्य, खाम और सिफुंग की मधुर ध्वनियां सुनाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां पहले अशांति और अस्थिरता थी, वहां आज संस्कृति और उत्सव के रंग बिखर रहे हैं। पीएम मोदी ने इस बदलाव को सिर्फ असम ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की उपलब्धि बताया।

बोडो समाज की भूमिका पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बोडो युवा असम की सांस्कृतिक पहचान के दूत बन रहे हैं। खेल और अन्य क्षेत्रों में भी बोडो समाज के युवक-युवतियां देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बोडोलैंड और वहां के लोगों का योगदान असम की प्रगति में बेहद अहम है।

कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी असम को अपना नहीं माना। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को विदेशी घुसपैठिये इसलिए पसंद थे, क्योंकि वे उसके वोट बैंक बन जाते थे। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विदेशी घुसपैठ बढ़ी और असम की जमीन पर अवैध कब्जों को संरक्षण मिला।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जब भाजपा सरकार असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान करती है, तो कांग्रेस को तकलीफ होती है। उन्होंने भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने के विरोध और असम में सेमीकंडक्टर यूनिट के विरोध का उदाहरण देते हुए कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाए।

पीएम मोदी ने कहा कि असम का आत्मविश्वास और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भारत की ग्रोथ स्टोरी को नई ताकत दे रही है और राज्य विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button