
मुंबई। देश की सबसे अमीर नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार शाम 5:30 बजे मतदान संपन्न हो गया। अब शुक्रवार को मतगणना के बाद नतीजे सामने आएंगे, लेकिन उससे पहले आए एग्जिट पोल ने मुंबई की सियासत में बड़ा बदलाव संकेत दिया है।
वोटिंग के बाद जारी एग्जिट पोल के मुताबिक, बीएमसी में भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना गठबंधन की सरकार बन सकती है। यदि ये अनुमान नतीजों में बदलते हैं तो यह पिछले तीन दशकों से बीएमसी पर काबिज उद्धव ठाकरे की शिवसेना के लिए बड़ा झटका माना जाएगा।
एक्सिस माय इंडिया का एग्जिट पोल क्या कहता है?
एक्सिस माय इंडिया के अनुसार, 227 सीटों वाली बीएमसी में भाजपा गठबंधन को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 114 है। वहीं, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और मनसे गठबंधन को 58–68 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 12–16 और अन्य दलों को 6–12 सीटें मिल सकती हैं।
वोट शेयर के अनुमान
एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा गठबंधन को कुल 42 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
यूबीटी गठबंधन: 32%
कांग्रेस गठबंधन: 13%
अन्य: 13%
जातीय और क्षेत्रीय वोटिंग ट्रेंड
मराठी वोट: 30% भाजपा गठबंधन, 49% यूबीटी गठबंधन
उत्तर भारतीय वोट: 68% भाजपा गठबंधन
दक्षिण भारतीय वोट: 61% भाजपा गठबंधन
मुस्लिम वोट: 12% भाजपा गठबंधन, 28% यूबीटी, 41% कांग्रेस गठबंधन
डीवी रिसर्च एग्जिट पोल भी भाजपा के पक्ष में
डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है। इसके अनुसार, भाजपा गठबंधन को 107–122 सीटें, यूबीटी गठबंधन को 68–83, कांग्रेस गठबंधन को 18–25 और अन्य को 8–15 सीटें मिल सकती हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि ये अनुमान सच साबित होते हैं, तो बीएमसी की सत्ता में तीन दशक बाद ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल सकता है।



