
Donald Trump : थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी संघर्ष को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट साझा करते हुए ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच अचानक भड़की लड़ाई को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और अब वे शांति के रास्ते पर लौटने जा रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, यह फैसला दोनों देशों के बीच हाल ही में सहमत मूल संधि के अनुरूप लिया गया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष को विराम देने का निर्णय तेज और निर्णायक रहा, जैसा कि ऐसे संवेदनशील हालात में होना चाहिए।
थाईलैंड–कंबोडिया संघर्ष पर अस्थायी विराम
ट्रंप ने दावा किया कि थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं ने दूरदर्शिता दिखाते हुए तेजी और निष्पक्षता के साथ इस निष्कर्ष तक पहुंचने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दोनों देशों के हित में है और इससे क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूती मिलेगी।
अमेरिका की भूमिका पर ट्रंप का बयान
अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में संयुक्त राज्य अमेरिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उसे इस पर गर्व है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने हाल के महीनों में कई वैश्विक संघर्षों को सुलझाने या रोकने में प्रभावी भूमिका निभाई है।
ट्रंप के अनुसार, बीते ग्यारह महीनों में अमेरिका ने आठ बड़े संघर्षों को या तो सुलझाया है या उन्हें बढ़ने से रोका है।
संयुक्त राष्ट्र की निष्क्रियता पर सवाल
डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इन संघर्षों में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका बेहद सीमित रही है।
यह भी पढ़ें – शीतलहर : सीएम योगी एक्शन मोड में, स्कूलों को लेकर दिया ये बड़ा निर्देश
रूस-यूक्रेन युद्ध को ‘वर्तमान आपदा’ बताते हुए ट्रंप ने कहा कि इस संघर्ष में भी संयुक्त राष्ट्र कोई प्रभावी भूमिका निभाने में असफल रहा है।
‘अमेरिका ही अब असली United Nations’
ट्रंप ने टिप्पणी करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में अमेरिका ही अब “वास्तविक संयुक्त राष्ट्र” की भूमिका निभा रहा है। साथ ही उन्होंने मांग की कि संयुक्त राष्ट्र को अब अधिक सक्रिय होना चाहिए और वैश्विक शांति के लिए ठोस हस्तक्षेप करना चाहिए।



