Bihar Election 2025 : चुनावी नतीजों को लेकर मायावती ने दिया बड़ा बयान, सियासी हलचल बढ़ी

Bihar Election 2025 : मायावती ने बिहार चुनाव नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि फ्री एंड फेयर वोटिंग होती तो बसपा की सीटें ज्यादा होती। रामगढ़ सीट पर बसपा ने 30 वोट से जीत दर्ज की।

Bihar Election 2025 : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और बिना दबाव के होते, तो बसपा इस बार कई सीटों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

मायावती ने रामगढ़ सीट (कैमूर) से बसपा उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस सीट पर सतीश यादव ने महज 30 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और उन्हें कुल 72,689 वोट मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और विपक्षी दलों ने वोटों की पुनर्गणना के नाम पर बसपा के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और साहस के आगे वे असफल रहे।

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बिहार के कई अन्य क्षेत्रों में भी पार्टी प्रत्याशियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन चुनावी प्रक्रिया का माहौल पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं था। उनके मुताबिक, यदि चुनाव पारदर्शिता के साथ कराए जाते तो बसपा की सीटों की संख्या निश्चित रूप से अधिक होती।

बसपा को मिली चुनौतियों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता

उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए की लगभग 85 फीसदी स्ट्राइक रेट और महागठबंधन की भारी हार के बीच बसपा को मिली चुनौतियों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। मायावती के आरोपों ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है, जबकि विपक्ष पहले से ही मतगणना और मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है।

मायावती ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अपील की कि नतीजों से निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि बसपा की विचारधारा और संघर्षों के प्रति जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, इसलिए संगठन को और मजबूती के साथ जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए।

Show More

Related Articles

Back to top button