इस्तांबुल में शांति वार्ता के बीच पाकिस्तान ने अफगान सीमा पर की गोलीबारी, तालिबान ने कहा – “नागरिकों के सम्मान में नहीं की जवाबी कार्रवाई”

काबुल/इस्लामाबाद। अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को एक बार फिर स्पिन बोल्डक सीमा क्षेत्र में संघर्ष की खबर सामने आई है। अफगान तालिबान ने आरोप लगाया कि युद्धविराम और शांति वार्ता के बावजूद पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार गोलीबारी की है।

तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, इस्तांबुल में चल रही वार्ता और नागरिक हताहतों को रोकने के सम्मान में इस्लामिक अमीरात की सेना ने अब तक कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की है।

उन्होंने बताया कि इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की शांति वार्ता जारी है, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान की ओर से गुरुवार दोपहर स्पिन बोल्डक इलाके मेंतोप और गोलियों की बौछार की गई, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।

पाकिस्तानी हमले से तनाव बढ़ा

एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से हल्के और भारी दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया गया और नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। हालांकि, इस्लामाबाद सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

तालिबान ने दावा किया कि वह संवाद प्रक्रिया के सम्मान में संयम बरत रहा है, लेकिन चेतावनी दी कि यदि हमले जारी रहे तो वह “मजबूर होकर प्रतिक्रिया देने” को बाध्य होगा।

वार्ता में गतिरोध और युद्धविराम की कोशिश

दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल हाल ही में कतर में 19 अक्टूबर को युद्धविराम समझौते पर सहमत हुए थे। हालांकि, तुर्की में जारी वर्तमान दौर की वार्ता के दौरान कई मुद्दों पर मतभेद उभर आए हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर सद्भावना की कमी और समझौते के उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं।

पिछले महीने की हिंसा

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत में काबुल में हुए विस्फोटों के बाद पाकिस्तान-अफ़ग़ान सीमा पर हुई झड़पों में 70 से अधिक लोग मारे गए, जिनमें 50 से ज़्यादा अफ़ग़ान नागरिक शामिल थे। यह दोनों देशों के बीच वर्षों में सबसे घातक संघर्षों में से एक था।

यह भी पढ़ें – Patna DM Press Confrence:-विधानसभा चुनाव 2025 में लगभग आठ परसेंट अधिक वोटिंग हुई: डीएम

विशेषज्ञों का कहना है कि 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के रिश्ते लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, खासकर सीमा पार आतंकवाद और सुरक्षा मुद्दों को लेकर।

Show More

Related Articles

Back to top button