
New Delhi. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को एक बड़ा राजनीतिक आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि राज्य की मतदाता सूची में करीब 25 लाख फर्जी वोट जोड़े गए हैं – जो कुल मतदाताओं का लगभग 12 प्रतिशत हिस्सा हैं। राहुल ने कहा कि एक ब्राज़ीलियाई मॉडल की तस्वीर का उपयोग सीमा, स्वीटी और सरस्वती जैसे नामों से कर 22 बार मतदान दिखाया गया है। इस खुलासे को उन्होंने ‘एच-बम’ (हरियाणा बम) करार दिया और भाजपा पर सुनियोजित चुनावी धांधली का आरोप लगाया।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में 2 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 25 लाख फर्जी हैं। हमारी टीम ने 5.21 लाख संदिग्ध प्रविष्टियां चिन्हित की हैं। हर आठ में से एक मतदाता फर्जी है। यह कोई गलती नहीं, बल्कि एक व्यवस्थित साजिश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जीत को हार में बदलने के लिए डाक मतपत्रों में हेरफेर की गई। राहुल के मुताबिक, सभी एग्जिट पोल कांग्रेस की जीत दिखा रहे थे, लेकिन नतीजों में उलटफेर हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा ने पूरे सिस्टम को अपने कब्जे में ले लिया है।
राहुल ने उदाहरण देते हुए बताया कि पलवल जिले में एक भाजपा नेता के मकान नंबर 150 पर 66 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि एक अन्य पते पर 500 मतदाता दर्ज हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष है, तो वह इन फर्जी नामों को क्यों नहीं हटा रहा? कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने में नाकाम रहा है।
चुनाव आयोग का पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों को चुनाव आयोग ने तुरंत खारिज किया। आयोग के सूत्रों ने कहा कि “हरियाणा की मतदाता सूची को लेकर कोई औपचारिक शिकायत या अपील दर्ज नहीं की गई है।” उन्होंने बताया कि राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 22 चुनाव याचिकाएं ही अदालत में लंबित हैं, जिससे पता चलता है कि परिणामों को लेकर कोई व्यापक कानूनी चुनौती नहीं है।
भाजपा ने कहा – यह कांग्रेस की हार की झुंझलाहट
भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों को झूठा, भ्रामक और निराधार” बताते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं। वे चुनावों के दौरान जनता से दूर रहते हैं और हारने पर आयोग को निशाना बनाते हैं। यह कांग्रेस की नाकामी छिपाने की कोशिश है। रिजिजू ने आगे कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश की छवि खराब कर रहे हैं।
राजनीतिक हलचल तेज
राहुल के एच-बम खुलासे से हरियाणा की सियासत में हलचल मच गई है। कांग्रेस इसे पारदर्शिता और लोकतंत्र की लड़ाई बता रही है, जबकि भाजपा इसे निराधार सियासी बयानबाजी करार दे रही है। चुनाव आयोग ने साफ कहा है कि यदि किसी पार्टी के पास ठोस प्रमाण हैं, तो वह कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कर सकती है।
यह भी पढ़ें – UP News : बीजेपी सरकार के लिए चुनौती बनती दिख रहीं दलित उत्पीड़न की घटनाएं
हरियाणा चुनाव के नतीजों के बाद राहुल गांधी का यह आरोप न केवल भाजपा बल्कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है – हालांकि फिलहाल सबूतों के अभाव में इसे सियासी बयानबाजी से ज्यादा कुछ नहीं माना जा रहा।



