
New Delhi. पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर हिंसक झड़पों में तब्दील हो गया। मंगलवार रात दोनों देशों की सीमा पर हुई ताज़ा भिड़ंत में दर्जनों सैनिक और नागरिक मारे गए। हालात बिगड़ने के बाद बुधवार को दोनों देशों ने 48 घंटे के युद्धविराम पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने दावा किया कि युद्धविराम का प्रस्ताव दूसरे ने रखा।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने दावा किया कि दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की सीमा चौकियों पर अफ़ग़ानिस्तान के तालिबान बलों द्वारा किए गए दो बड़े हमलों को नाकाम कर दिया गया। सेना के बयान में कहा गया कि दक्षिणी कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए हमलों में लगभग 20 तालिबान लड़ाके मारे गए। सेना ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी सीमा पर रातभर चली गोलीबारी में करीब 30 और लोगों के मारे जाने की आशंका है।
15 नागरिकों की मौत, महिलाएं और बच्चे भी घायल
अफ़ग़ान अधिकारियों ने दावा किया कि सीमा पर हुई ताज़ा हिंसा में कम से कम 15 नागरिक मारे गए और 80 से ज़्यादा महिलाएँ और बच्चे घायल हुए हैं। स्पिन बोल्डक ज़िला अस्पताल के अधिकारी अब्दुल जान बराक ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर है।
ये भी पढ़ें – Supreme Court : समय बदल गया, पर सरकार नहीं बदली, जानिए सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा क्यों कहा?
स्थानीय प्रशासन के प्रवक्ता अली मोहम्मद हकमल ने बताया कि मोर्टार से हुए हमलों में कई घर तबाह हो गए। पाकिस्तानी सेना के बयान में कहा गया कि हमले आवासीय इलाकों में किए गए, जिसमें आम लोगों की कोई परवाह नहीं की गई।
तालिबान का पलटवार और आरोप
अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर सीमा पार हमले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अफ़ग़ान बलों ने पाकिस्तान के कई आक्रमणकारी सैनिकों को मार गिराया, उनके हथियार और टैंक जब्त कर लिए।
रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान के ओरकज़ई ज़िले में भी लड़ाई छिड़ी, जिसमें छह पाकिस्तानी अर्धसैनिक बल के जवान मारे गए और कई घायल हुए। पाकिस्तानी टेलीविज़न ने रिपोर्ट दी कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी तालिबान का एक प्रमुख नेता मारा गया।
भड़क गया था तनाव
यह संघर्ष पिछले सप्ताहांत हुई झड़पों की ताज़ा कड़ी है। शनिवार देर रात अफ़ग़ानिस्तान ने अपनी सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों पर हमले किए, जिसे उसने काबुल पर पाकिस्तानी हवाई हमलों का बदला बताया। अफ़ग़ानिस्तान ने दावा किया कि उसके हमलों में 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि पाकिस्तान ने 23 मौतों की पुष्टि की और कहा कि उसने जवाबी गोलीबारी में 200 से अधिक तालिबान लड़ाकों को मार गिराया।
यह भी पढ़ें – Haryana : भ्रष्टाचार, वसूली और गैंगस्टर… दो पुलिस अफसरों की आत्महत्या से सिस्टम की खुली पोल, जानिये पूरा मामला
तनाव बढ़ने के बाद दोनों देशों ने सीमाएं बंद कर दीं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कड़ी प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद कतर और सऊदी अरब के मध्यस्थता प्रयासों से लड़ाई को अस्थायी रूप से रोका गया। अब दोनों देशों ने 48 घंटे के युद्धविराम पर सहमति जताई है, लेकिन सीमा पर हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।