
Prayagraj News-इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गांधी विचार एवं शांति अध्ययन संस्थान द्वारा शुक्रवार, 19 सितंबर 2025 को “भारतीय संस्कृति और वैश्विक समरसता: गाँधीवादी मूल्यांकन” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर न्यायमूर्ति एम. सी. त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने की।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल का संबोधन
अपने उद्बोधन में श्री अर्जुन राम मेघवाल ने “अहिंसा परमो धर्मः” और “सत्यमेव जयते” को जोड़ते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने आचरण और आत्मीयता के माध्यम से समरसता के सफल प्रयोग किए। उन्होंने चंपारण सत्याग्रह, राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस और साबरमती आश्रम के उदाहरण देते हुए गांधीजी की जनभागीदारी, सादगी और व्यक्ति की गरिमा पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज का “वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर” कार्यक्रम गांधीजी के दर्शन की ही पुनर्प्रतिध्वनि है।
मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली के विचार
न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय और उच्च न्यायालय का एक ही शहर में होना ज्ञान और न्याय का अद्भुत संगम है। उन्होंने विश्व में बढ़ते संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाती है। गांधीजी का सर्वोदय सिद्धांत हमें सिखाता है कि विकास तभी सार्थक है जब वह अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव का अध्यक्षीय उद्बोधन
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि मेघवाल जी का जीवन अनुभव और उनकी पुस्तक गांधी-जीवन मूल्यों की याद दिलाती है। उन्होंने गांधीजी के इलाहाबाद विश्वविद्यालय से जुड़ाव और उनके ऐतिहासिक भाषणों का उल्लेख किया। साथ ही विश्वविद्यालय की वर्तमान उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि हाल ही में यहां 26 राज्यों से छात्र प्रवेश ले चुके हैं, 60 पेटेंट दर्ज हुए हैं और 200 करोड़ की संपत्ति प्राप्त हुई है।
अन्य प्रमुख बिंदु
-
कार्यक्रम में ‘गांधीपथ’ जर्नल का विमोचन किया गया।
-
स्वागत एवं विषय प्रवर्तन प्रो. राकेश सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने दिया।
-
संचालन डॉ. सोनल शंकर और डॉ. रितंभरा मालवीय ने किया।
-
आगमन पर एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
-
डॉ. दीपाली पंत जोशी, श्री अमित सक्सेना, प्रो. हर्ष कुमार, प्रो. अजय जेटली, प्रो. आदेश कुमार सहित अनेक शिक्षक, अधिवक्ता और छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ईश्वर टोपा भवन के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: राजेश मिश्रा प्रयागराज
Prayagraj News-Read Also-Pratapgarh News-एसपी डॉ. अनिल कुमार को आज़मगढ़ SSP की कमान, बेल्हा में भावभीनी विदाई