Mau news: जनपद के कोतवाली घोसी क्षेत्र के कस्बा खास पश्चिमी वार्ड संख्या 01 में रविवार को जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। करीब 50 लोगों के संगठित समूह द्वारा एक परिवार पर हमला किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा खास पश्चिमी वार्ड संख्या 01 निवासी एवं ‘स्वतंत्र भारत’ के पत्रकार वायुनंदन मिश्रा, पुत्र स्व. राजेन्द्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि 22 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 2:45 बजे जब वह अपने घर पहुंचे, तो देखा कि उनकी जमीन पर रामआशीष पुत्र रामपरीखा अपने परिजनों व सहयोगियों के साथ अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।
मिश्रा के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। देखते ही देखते करीब 50 लोगों की भीड़ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए वह अपने घर में घुस गए, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए।
घर में घुसकर की मारपीट और पथराव
आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर ईंट-पत्थर चलाए और लात-घूंसों से मारपीट की। इस हमले में वायुनंदन मिश्रा, उनके पुत्र और उनकी मां को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पीड़ित ने बताया कि घटना का आंशिक वीडियो उनके पास मौजूद है और उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना भी दी थी।
एफआईआर दर्ज कराने की मांग
वायुनंदन मिश्रा ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा उनके परिवार का चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग की है।
इलाके में तनाव, लोगों में आक्रोश
घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।



